कन्नौज। नेहरू युवा केंद्र के वालंटियर्स का कार्यकाल दो महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। इसका कारण, ऑनलाइन नए आवेदन करने के लिए बार-बार समय बढ़ाया जाना बताया जा रहा है। चयनितों को हर महीने पांच-पांच हजार रुपये दिए जाते हैं।
जिले के आठों ब्लॉक क्षेत्रों में 16 वालंटियर्स और दो जिले स्तर पर दो युवाओं का चयन किया जाना है। इसके लिए नेहरू युवा केंद्र ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। तीन बार आवेदन की तारीख बढ़ाई जा चुकी है, एक बार फिर से आवेदन की तारीख बढ़ गई है। नया चयन न होने की वजह से पुराने वालंटियर्स के काम करने का भी समय बढ़ाया गया है। हर दो साल बाद नया चयन किया जाता है। पुराने वालंटियर्स दूसरी बार आवेदन नहीं कर पाते हैं। 18 से 29 साल तक के लोगों को आवेदन करने का मौका मिलता है। इसमें गांव-गांव में कई तरह की गतिविधियां व काम करने पड़ते हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताना पड़ता है। नेहरू युवा केंद्र की नमामि गंगे परियोजना से जुड़े परियोजना अधिकारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि आवेदन करने की तारीख एक महीने के लिए बढ़ाई गई है। उसी वजह से दो महीने कार्य करने के लिए पुराने वालंटियर्स का नवीनीकृत हो गया है।