छिबरामऊ। सौ शैया अस्पताल में 23 दिसंबर को बिना सर्जन की मौजूदगी में महिला की गांठ का ऑपरेशन में शामिल एनेस्थेटिक चिकित्सक के गाड़ी चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब पुलिस ने मौके का नक्शा तैयार कर मामले की जांच बुधवार से शुरू की है। पुलिस बयान दर्ज करने के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है।
ऑपरेशन का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में अस्पताल के एनेस्थेटिक डा. विपिन सचान, स्टॉफ नर्स अर्चना कटियार व वंदना पाल के अलावा एनेस्थेटिक की गाड़ी का चालक नजर आ रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। मामला तूल पकड़ने पर सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देश पर दो जनवरी को एसीएमओ महेंद्रनाथ सिंह व एसीएमओ मोहम्मद इरशाद बेग ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों के बयान दर्ज किए। बाद में दोनों अफसरों की संयुक्त तहरीर पर एनेस्थेटिक के कार चालक धीरज सचान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि विवेचक एसआई अरविंद तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर नक्शा तैयार कर लिया है। बयान दर्ज कराने के लिए ऑपरेशन थियेटर में मौजूद सभी स्वास्थ्य कर्मियों व अन्य संभावितों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी।