छिबरामऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में किसानों की सहूलियत के लिए बने नीलामी चबूतरों पर कई सालों से आढ़तियों ने कब्जा कर रखा है। एसडीएम ने आढ़तियों को 24 घंटे की मोहलत दी थी, मंगलवार देर शाम मोहलत बीत गई लेकिन व्यापारियों ने कब्जा नहीं छोड़ा। ऐसे में लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में किसानों की फसल सुरक्षित रखने के लिए तीन नीलामी चबूतरे बनवाए गए हैं। मंडी प्रशासन की अनदेखी के कारण 50 से अधिक आढ़ती इन चबूतरों समेत कई अन्य जगहों पर कब्जा कर फर्मों का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में किसानों को फसल खुले में रखनी पड़ती है। समस्या को देखते हुए सोमवार को एसडीएम अशोक कुमार ने निरीक्षण कर आढ़तियों को मंगलवार शाम 7 बजे तक कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी आढ़तियों ने कब्जा नहीं हटाया।
इस संबंध में मंडी सचिव बृजभान ने बताया कि कब्जा न हटने की रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी गई है। निर्देश मिलते ही अभियान चलाकर नीलामी चबूतरों समेत मंडी समिति की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।