पश्चिमी बाईपास स्थित नलकूप खराब हो जाने से उससे जुड़े मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया है। एक सप्ताह से इस समस्या से जूझ रहे मोहल्ला इब्राहीम गंज के बाशिंदों ने खाली बाल्टियां लेकर नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
इब्राहीम गंज के गुंजन अवस्थी, दयालु गुप्ता, राजू दुबे, आकाश, विकास, आयुष, अंशू गुप्ता, राजू चौबे, नेपाली गुप्ता, संजू दुबे, चंद्रमोहन आदि लोगों बताया कि उनके मोहल्ले में लगभग सात दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इससे पेयजल संकट गहरा गया है। पानी के लिए लोग घंटों हैंडपंप पर लाइन लगाए रहते हैं। लोगों ने बताया कि इस समस्या से वह काफी दिन पहले ही नगरपालिका के अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो सका। \
गुस्साए लोगों ने सोमवार को खाली बाल्टियां लेकर नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को पालिका कर्मियों ने नलकूप की मरम्मत का कार्य शुरू किया, लेकिन धीमी गति से चल रहे मरम्मत को कार्य को देख मोहल्ले के लोगों में आक्रोश भड़क गया। लोगों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो उन्हें अभी कुछ दिन और पेयजल संकट से जूझना पड़ेगा। मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन लोगों की इस समस्या का शीघ्र ही समाधान न हुआ तो वह लोग नगरपालिका में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।