रामाश्रम बिजली उपकेंद्र पर ताला लगाकर नारेबाजी करते ठेका कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजली के ठेका कर्मचारियों को करीब पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। इससे नाराज कर्मचारियों ने रामाश्रम बिजली उपकेंद्र पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। कई घंटे बिजली सप्लाई बंद रहने से उपभोक्ता परेशान रहे।
क्षेत्र के रामाश्रम बिजली उपकेंद्र पर एससओ योगेंद्र कठेरिया, धीरज यादव, राम प्रकाश, लाइन मैन मनी राम, हरी नारायण, जबर सिंह, संतोष कुमार, ब्रजेश सिंह , राम शंकर आदि ने मानदेय न मिलने से आक्रोशित हो बिजली सप्लाई बंद करदी। उपकेंद्र पर ताला लगा कर हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि वह ठेकेदारी पर लाइन मैन व एसएसओ के पद पर कार्य कर रहे हैं। ठेकेदारों ने बीते कई माह से उन्हें मानदेय नहीं दिया है। उनके परिवार के सामने रोजमर्रा केे खर्च में दिक्कतें आ रही हैं। इस समस्या से ठेकेदार से लेकर जेई तक को कई बार अवगत कराया गया लेकिन किसी ने भी उन की समस्या का समाधान नहीं किया। मजबूर हो कर कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
बिजली बाधित होने से गर्मी के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ा। करीब नौ बजे से बंद हुई बिजली पांच बजे आ सकी। जब उपभोक्ताओं ने बिजली गुल होने के बारे में कर्मचारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया तो उनके मोबाइल बंद मिले।
उधर, गुरसहायगंज के एसडीओ गजेंद्र सिंह का कहना था कि ठेकेदार से कर्मचारियों को मानदेय न मिलने की बात सामने आई है। ठेकेदार से वार्ता करके मानदेय दिलाया जाएगा। बिजली बंद रहने के संबंध में कहा कि बिजली छिबरामऊ से काटी गई थी। स्थानीय स्तर पर कोई कटौती नहीं की गई।