तिर्वा। अंडरग्राउंड केबल में आए दिन फॉल्ट से बिजली गुल हो जाती है। लगातार बिजली गुल होने की समस्या से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
2013-14 में कस्बे में अंडरग्राउंड केबल डाली गई थी, 11 वर्ष बाद भी नियमित रखरखाव न होने से केबलों में बार-बार फॉल्ट आने से घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है। पिछले तीन दिनों से कस्बे में 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। उपभोक्ता सत्यम पटेल ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व पर भी 10 घंटे से ज्यादा बिजली बाधित रही।
कस्बा निवासी रमेश कुमार ने कहा कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण कस्बे के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। व्यापारी वीरेश बाथम का कहना है कि कटौती से बाजार में कारोबार प्रभावित हो रहा है। एसडीओ सतीश चंद्र ने बताया कि अंडरग्राउंड केबलों के रखरखाव और मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।