विकास खंड तालग्राम के डार्क जोन घोषित ब्लाक में बिजली विभाग की मिलीभगत से ठेकेदार और दलालों ने किसानों को नलकूप कनेक्शन का लालच देकर ठगा। अब बिजली विभाग की सख्ती के चलते लाइनें हटाने का काम शुरू हो गया है। कार्रवाई के भय से किसान परेशान हैं। जेई ने कई गांवों में चेकिंग अभियान चलाया।
क्षेत्रीय किसान रघुवीर, हेतराम, सेवाराम, दयाराम, मोतीलाल का कहना है कि कई गांवों में ठेकेदार की ओर से किसानों से ढाई से तीन लाख रुपये लेकर कनेक्शन न होते हुए भी लाइन व ट्रांसफार्मर लगाकर निजी नलकूप संचालित कर दिए।
अब बिजली विभाग के छापे के बाद कई किसानों ने लाइन भी उतार दी हैं। लाइन हटाने वालों में गदोरा में दो, ताहपुर में चार, पिलख सरायं में तीन, घुसुआपुर, ककराहा व चच्चियापुर में अवैध लाइनें हटाकर ट्रांसफार्मर घरों में रख लिए हैं। किसानों का कहना है कि शीघ्र खेतों को पानी न मिला तो उनकी मक्का की फसलें सूख जाएंगी। उनके साथ धोखा हुआ है। अनुमानित क्षेत्र में दो सौ से अधिक नलकूप संचालित हैं। किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो जाएगा।
अवर अभियंता राकेश कुमार ने छापामार कर सिघनापुर गांव में गेंदनलाल, मवईया में उमेशचंद्र के अलावा गदोरो व माधव नगर में कनेक्शन चेक किए हैं। आगे भी चेकिंग जारी रहेगी। राकेश कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर हटवाने की जानकारी नहीं है। छापेमारी की जा रही है। किसानों के कनेक्शन व कागजात देखे जा रहे हैं। कागजात न दिखाने पर जांच के बाद चोरी की रिपोर्ट दर्ज होगी।