कन्नौज। दीपावली होते ही उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड की टीम ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। विभाग की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में 10 हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों के कनेक्शन काटे। रविवार को सरायमीरा में चले अभियान में 26 दुकानदारों का बिल जमा न होने पर बिजली कनेक्शन काट दिए गए। साथ ही साढ़े सात लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की।
पॉवर कॉरपोरेशन के जेई दीपक कनौजिया और समीर यादव के नेतृत्व में सरायमीरा, तिर्वा रोड के अलावा तिर्वा क्रॉसिंग में चेकिंग अभयिान चलाया गया। टीम ने घरेलू उपभोक्ताओं के साथ दुकानदारों के भी बिजली बिलों को चेक किया। इस दौरान 26 दुकानदारों का बिल जमा न होने पर कनेक्शन काट दिए गए।
पॉवर कॉरपोरेशन की टीम को चेकिंग करता देख कई दुकानदार भाग गए। टीम ने 120 उपभोक्ताओं के कनेक्शन चेक किए। जेई दीपक कनौजिया ने बताया कि बकाएदारों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। इस दौरान लाइनमैन भरत व सत्यम के साथ विभाग के अन्य लोग भी रहे।