विधान परिषद चुनाव में सपा के नामित प्रभारी रामवृक्ष
यादव ने सोमवार को जिले के आठों ब्लाकों में पार्टी पदाधिकारियों व
प्रत्याशी पुष्पराज जैन पंपी के साथ दौरा कर सभी को एक मंच पर लाने की
कोशिश की। इस दौरान पार्टी के तमाम ऐसे चेहरे दिखाई दिए जो पिछले काफी समय
से रूठे चल रहे थे।
इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत,
पालिका व नगर पंचायत के सदस्यों से भी मुलाकात की। रामवृक्ष यादव ने कन्नौज
ब्लाक, जलालाबाद, उमर्दा, सौरिख, हसेरन सहित सभी ब्लाकों का दौरा किया। इस
दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्यों से
मुलाकात की।
कहा कि यह सीएम की निगरानी वाला जिला है। यहां पर कोई
कार्यकर्ता असंतुष्ट नहीं हो सकता। यदि फिर भी कहीं से चूक रह गई तो वह
सीधे संपर्क करे, उसकी हर परेशानी दूर कराई जाएगी। संगठन की ताकत
कार्यकर्ता से होती है। एमएलसी चुनाव में पहली बार कन्नौज के खाते में सीट
आई है। इस कारण बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी है।
सदर विधायक अनिल दोहरे
ने कहा कि सपा प्रत्याशी के आगे कोई टिक नहीं पाएगा, फिर भी किसी को भी कम न
आंका जाए। हमें चुनाव तक लगातार मेहनत करनी है। पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब
सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस भरोसे के साथ टिकट दिया है, उस
भरोसे पर सभी को खरा उतरना है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा,
महासचिव संजय दुबे, ब्लाक प्रमुख नीलू यादव, जय कुमार तिवारी, भोले कुरैशी,
गुड्डू सक्सेना, विपिन यादव, राजेश पाल आदि मौजूद थे। उधर, उमर्दा
ब्लाक परिसर में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों की
बैठक में सपा नेताओं ने प्रधानों से कहा कि गांव के विकास में अपनी
महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
गांव के विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। इस
दौरान 90 नवनिर्वाचित प्रधानों व 145 बीडीसी का अभिनंदन किया गया। बैठक
में बताया गया कि सपा की सरकार गांव के विकास को प्राथमिकता दे रही है। बजट
का 60 फीसदी से अधिक धन गांव के विकास में खर्च किया जा रहा है।
बैठक को
जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, विधायक अनिल दोहरे, एमएलसी रामवृक्ष यादव,
महामंत्री संजय दुबे, संजू कटियार, नवाब सिंह यादव, एमएलसी प्रत्याशी
पुष्पराज जैन पंपी, उमर्दा के ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, हसेरन के ब्लाक
प्रमुख उमाशंकर बेरिया, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अन्नपूर्णा राजपूत, डा.
ज्योति सिंह, हाजी रईस आदि ने संबोधित किया।