कन्नौज। शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव की तिथि नजदीक आते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार देर रात मतपत्र जिले में पहुंच गए। इन्हें कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखवा दिया गया। गुरुवार को डीएम ने जायजा लेकर अफसरों को चुनाव संबंधी निर्देश दिए।
एक दिसंबर को शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान होना है। जिले में 29 मतदेय स्थल हैं। बुधवार देर शाम आगरा से मतदान के लिए मतपत्र पहुंच गए। स्नातक निर्वाचन के लिए सफेद और शिक्षक निर्वाचन के लिए गुलाबी रंग के मत पत्र प्राप्त हुए हैं। इन पर बैंगनी रंग की कलम से वरीयता क्रम लिखा जाएगा। मतपत्रों को उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में कोषागार स्थित डबल लॉक में सुरक्षित रखवाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से कोषागार के बाहर गारद तैनात की गई है। गुरुवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कोषागार का निरीक्षण कर जायजा लिया। साथ ही मतपेटी के बारे में सहायक निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एक बूथ पर दो मतपेटी भेजी जाएंगी। 58 मतपेटियों को सुरक्षित रखा गया है।