छिबरामऊ। हल्की बूंदाबांदी में ही बिजली दगा दे गई। नगर के तीन नंबर फीडर व प्रेमपुर फीडर की डिस्क पंक्चर होने से नगर के आठ व प्रेमपुर फीडर से जुड़े अस्सी गांवों में पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार सुबह बरसात शुरू होते ही छह बजे नगर के तीन नंबर फीडर की डिस्क दरगाह रोड व प्रेमपुर फीडर की डिस्क दिलू नगला रोड पर पंचर हो गई।
इससे मोहल्ला बुद्धूकूंचा, इब्राहीमगंज, तिवारियान, चौधरियान, पीपल वाली गली, बस्तीराम, गनेश चौधरी के अलावा प्रेमपमुर फीडर से जुड़े डालूपुर, सुल्तानपुर, सराय दायमगंज, खल्ला रुपमंगदपुर, नौगांई, मिघौला, मिघौली, घिलोई, सैंसारपुर, कूंदेपुर, लोधापुर सहित अस्सी गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई।
बारिश बंद होने के बाद लाइनमैन पांच घंटे की मशक्कत के बाद फाल्ट सही कर पाए। इसके बाद तीन नंबर फीडर की आपूर्ति दोपहर सवा 11 बजे व प्रेमपुर फीडर की आपूर्ति सवा दस बजे बहाल करा दी गई। एसडीओ राहुल सिंह का कहना है कि डिस्क को बदलवाकर आपूर्ति शुरू करा दी गई है।