तिर्वा(कन्नौज)। बिहार से दिल्ली जा रहा कार सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। कार टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की नाजुक हालत देखकर लखनऊ रेफर कर दिया।
बिहार के जिला समस्तीपुर के थाना मिठान क्षेत्र के गांव बमहोरा निवासी सकलदेव (65) पुत्र सोनेलाल अपने बेटे संजय(30), बहू ललिता(28), बेटे राजीव(22), संजय का तीन वर्षीय बेटा आरव, सात वर्षीय बेटा आदित्य और बेटी अंशिका(10), टुनटुन (40) पुत्र मोहनलाल, मनीष (19) पुत्र टुनटुन स्कार्पियो कार से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से दिल्ली जा रहे थे। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बनपुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार का टायर फट गया। इससे अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर एक्सप्रेसवे की दूसरी लाइन में पहुंच कर पलट गई। कार पलटते ही चीखपुकार मच गई। पुलिस घायलों को मेडिकल कालेज ले आई। डॉक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तीन घायलों की हालत चिंताजनक देख लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अमानवीयता की हद, घायलों के ले गए मोबाइल
हादसे के बाद करीब 10 मिनट तक घायल कार में फंसे रहे। इस दौरान कुछ ग्रामीण पहुंच गए। लोग घायलों को कार से निकालने के साथ ही इनके मोबाइल ले गए। इससे घायल हादसे की जानकारी परिजनों और पुलिस को नहीं दे सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल लौटा दिया। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि घायलों से मोबाइल लूटने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।