कन्नौज। एक लाख या इससे अधिक रुपयों की साइबर ठगी होने पर जोन (कानपुर)के साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। एक लाख से कम रुपयों की ठगी पर जिले के थानों में रिपोर्ट दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।
साइबर क्राइम की वारदातों में तेजी से इजाफा हो रहा है। शातिर जालसाज लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे हैं। इस तरह की वारदातें रोकने के लिए आईजी जोन कानपुर मोहित अग्रवाल ने नई व्यवस्था लागू की है। अब एक लाख या इससे अधिक की साइबर ठगी पर जोन के साइबर थाना कानपुर में रिपोर्ट दर्ज होगी। एक लाख से कम की ऑनलाइन ठगी होने पर जिले के थानों में एफआईआर दर्ज की जाएगी। साइबर अपराधियों का ब्योरा इकट्ठा कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। साइबर थाने में सरकारी वेबसाइट से छेड़खानी, बच्चों के अश्लील वीडियो और बाल यौन उत्पीड़न के मामले भी दर्ज किए जाएंगे। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साइबर अपराध के मामलों में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
खुद भी बरतें एहतियात
किसी को भी बैंक खाता नंबर और एटीएम कार्ड का पासवर्ड न बताएं।
एटीएम कार्ड बंद होने, खाता ब्लाक होने वाली फोन कॉल्स को तवज्जो न दें। बैंक शाखा में संपर्क करें।
इनाम के झांसे में न आएं। न किसी के खाते में रुपये डालें।
एटीएम (ऑटोमेटिड टेलर मशीन ) से पैसे निकालते समय पासवर्ड को छुपाकर डालें।
अनचाही कॉल, संदेशों पर गौर न करें।