मानीमऊ। गांव में पागल कुत्ते ने एक के बाद एक आठ लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार मानीमऊ गांव निवासी एक व्यक्ति ने कुत्ता पाला है। सोमवार को अचानक कुत्ता आक्रामक हो गया और गांव में घूम-घूमकर लोगों पर हमला करने लगा। कुत्ते ने सुमित, आशुतोष त्रिपाठी, लाखन, संतोष, रामप्रकाश सहित आठ लोगों को काट लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पालतू कुत्ते का टीकाकरण नहीं कराया गया था, जिसके कारण वह पागल हो गया। गांव में छोटे बच्चे अकेले बाहर निकलने से डर रहे हैं। लोगों ने ग्राम प्रधान और पशु चिकित्सा विभाग से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कुत्ते को पकड़कर जांच की जाए और मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने पर कार्रवाई हो। साथ ही घायलों को उचित मुआवजा व इलाज की सुविधा दी जाए।