तालग्राम(कन्नौज)। विकास खंड इलाके का भैसियापुर एएनएम केंद्र बंद रहने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। इन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी से शिकायत की है।
अमरौली और भैसियापुर गांव के लोगों ने बताया कि केंद्र पर तैनात एएनएम(सहायक नर्स मिडवाइफरी) ऊषा एक माह से नहीं आ रही हैं। इससे टीकाकरण नहीं हो रहा। कोरोना संक्रमण में केंद्र बंद रहने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निरोत्मलाल, जयवीर, श्यामसुंदर, बांकेलाल, राधेश्याम, वीरेंद्र सिंह, नरेश चंद्र, शिशुपाल समेत कई लोगों ने सीएचसी पहुंच कर एएनएम के केंद्र पर न आने का आरोप लगाया। जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. कुमारिल मैत्रेय का कहना है कि जांच की जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।