हाईस्कूल के टॉपर अर्जुन सिंह को मिठाई खिलाते माता पिता।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। आईसीएसई और आईएसी के परीक्षा परिणामों में सिटी चिल्ड्रंस एकेडमी के छात्रों ने एक बार फिर परचम लहराया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। आईसीएसई कक्षा दस में 98 प्रतिशत अंक पाकर अर्जुन सिंह और 12वीं में 93.50 प्रतिशत अंक के साथ करन प्रताप सिंह जिला टॉपर बने।
कोरोना महामारी के कारण परीक्षा परिणाम के बाद छात्र-छात्राओं को स्कूल नहीं आने दिया गया। परिणाम जानने के लिए दोपहर तीन बजे से प्रबंधक प्रदीप प्रधान, प्रशासक सुधा प्रधान व प्रधानाचार्य जिम थामस के फोन आने लगे थे। प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 10 के 134 परीक्षार्थियों में 27 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 61 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसी तरह कक्षा 12 के 102 परीक्षार्थियों में 18 ने 90 प्रतिशत से अधिक और 73 ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
कंप्यूटर इंजीनियर बनता चाहते हैं मेधावी
छिबरामऊ। आईसीएसई व आईएससी जिला टॉपर छात्रों ने आईएएस, आईपीएस बनने की बजाय कंप्यूटर इंजीनियर बनकर देश को तकनीकी रूप से सशक्त करने का सपना संजोया है। आईसीएसई हाईस्कूल में सीसीए के टॉपर छात्र अर्जुन सिंह का कहना है कि उनकी उपलब्धि में शिक्षक, माता-पिता का मार्गदर्शन व कड़ी मेहनत शामिल है। आगे भी अपनी मेहनत के दम आईआईटी में प्रवेश लेकर कंप्यूटर इंजीनियर बनकर देश सेवा करूंगा। अर्जुन की सफलता पर माता निशा राठौर व पिता कौशल किशोर सिंह काफी उत्साहित हैं। कौशल किशोर रिटायर्ड वायुसैनिक हैं। उन्होंने अर्जुन को मिठाई खिलाकर उसका हौसला बढ़ाया। आईएससी इंटरमीडिएट के टॉपर करन कुमार सिंह ने भी कंप्यूटर इंजीनियर बनकर देश सेवा का संकल्प लिया है। उनकी माता शशी व पिता मुकेश ने उनका उत्साहवर्धन किया। मुकेश किसान हैं।