कन्नौज। यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद प्रयागराज से संशोधित सूची जारी हो गई है। हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने कन्नौज जिले का नाम रोशन करते हुए सूबे में दूसरा स्थान दिलाया है। पहला स्थान गौतम बुद्ध नगर का है। वहीं इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों ने निराश किया है। पास होने के प्रतिशत में इत्र नगरी का 42वां नंबर लगा है।
दरअसल, 18 जून को यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी किया था। उसमें गलत आंकड़े होने की वजह से कन्नौज जिले के परीक्षार्थियों के पास होने वाली सूची में काफी नीचे स्थान था। इसमें पंजीकृत छात्र-छात्राओं के अलावा उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या भी कम थी। सोमवार को डीआईओएस कार्यालय की ओर से जो सूची जारी हुई है, उसमें बताया गया है कि जनपद से हाईस्कूल में पंजीकृत 26,129 परीक्षार्थियों में से 22,927 परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 21,484 पास हो गए। उत्तीर्ण प्रतिशत 93.71 फीसदी है। पहले नंबर पर गौतम बुद्ध नगर है, जहां 95.58 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए। प्रदेश में कानपुर का तीसरा, शामली का चौथा और गाजियाबाद का पांचवां नंबर लगा है।
इंटरमीडिएट में पंजीकृत 21,699 परीक्षार्थियों में 19,794 परीक्षा में बैठे। बोर्ड की सूची में 16,974 परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया। कुल प्रतिशत 85.75 है, जिस वजह से जिले का सूबे में 42वां स्थान है। पहले पर चित्रकूट, दूसरे पर महोबा, तीसरे पर लखनऊ और चौथे पर गाजियाबाद है।
बोर्ड से ही कोई चूक हुई होगी, तभी परीक्षार्थियों की संख्या में अंतर है। अब संशोधित दूसरी लिस्ट आ गई है। कन्नौज का हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने नाम रोशन किया है। प्रदेश में दूसरा स्थान है। इंटरमीडिएट में 42वां नंबर आया है।
- राजेंद्र बाबू, डीआईओएस