उपचार के दौरान मासूम बच्चे की मौत हो जाने पर परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित को कोतवाली ले आई। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर निवासी मेवाराम जाटव के मुताबिक उनके सात माह के पुत्र रामजी को बुखार आने पर जीटी रोड स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। यहां कंपाउंडर ने उसे चार इंजेक्शन लगाए। थोड़ी देर बाद बच्चे के मुंह से खून आया और मौत हो गई।
इस हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया, और पिता को कोतवाली ले आए। कस्बा चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर गौतम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं नर्सिंग होम के चिकित्सक वाईपी सिंह का कहना है कि इलाज में कोई लापरवाही नहीं हुई है। बच्चे की हालत पहले से ही खराब थी।