जीटी रोड पर पूर्वी ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित डंपर
ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने
डंपर को कब्जे में ले लिया। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव
का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के
अनुसार, तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पचोर गांव निवासी रमेश चंद्र तिवारी
(45) पुत्र उमा शंकर तिवारी भारतीय जीवन बीमा निगम में एजेंट हैं। प्रतिदिन
की तरह वह बाइक लेकर अपने काम पर निकले थे। बताया जाता है कि दोपहर 12 बजे
के बाद वह पूर्वी ओवरब्रिज से बाइक लेकर उतर रहे थे।
तभी अनियंत्रित डंपर
ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। रमेश चंद्र तिवारी बाइक समेत ट्रक
के नीचे फंस गए और काफी दूर तक घिसटते चले गए। दुर्घटना देख मौके पर कई लोग
एकत्र होने लगे। इस दौरान डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मुख्य मार्ग पर खड़े डंपर को हटवाकर रमेश चंद्र
को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही गांव पचोर से सगे संबंधियों की भीड़ जिला अस्पताल पहुंच गई।
यहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शाम के समय रमेश चंद्र के पुत्र
शिवम तिवारी ने डंपर चालक के खिलाफ तेजी और लापरवाही से डंपर चलाकर पिता को
टक्कर मार देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।