तालग्राम (कन्नौज)। क्षेत्र के रनवां गांव में दुल्हन और उसके परिवार के लोग बरात का इंतजार करते रहे लेकिन दूल्हा बरात लेकर नहीं आया। जानकारी पर पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है, पहली पत्नी की तहरीर पर पुलिस उसे थाने उठा ले गई है। कन्या के पिता ने दूल्हे के खिलाफ तालग्राम थाने में तहरीर दी है।
मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के ममसीरपुर गांव निवासी मनोज पुत्र रामप्रकाश की शादी रनवां गांव की युवती के साथ तय हुई थी। मंगलवार को बरात आनी थी। कन्या पक्ष ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। रिश्तेदार और परिवार के लोगों के साथ दुल्हन बरात का इंतजार कर रही थी। रात करीब 11 बजे तक बरात नहीं पहुंची, तो कन्या पक्ष के लोग चिंतित हो गए।
मध्यस्थ से लेकर मनोज के परिवार के लोग फोन नहीं लगाया गया, किसी का फोन नहीं उठा। बरात का इंतजार करते सुबह हो गई। किसी तरह कन्यापक्ष ने जानकारी की। इसमें पता चला कि मनोज शादीशुदा है, पहली पत्नी पुलिस को लेकर मनोज के घर पहुंच गई थी, इसलिए बरात नहीं आई। लड़की के पिता ने मनोज के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि फोन पर करहल के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्रनाथ मिश्रा से जानकारी ली थी। इसमें पता चला कि पहली पत्नी की तहरीर पर बरात रुकवा दी गई है। मनोज पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने जा रहा था।
करहल पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा
करहल (मैनपुरी)। ममसीरपुर गांव के मनोज की शादी करीब तीन साल पहले कन्नौज के सौरिख क्षेत्र में हुई थी। दो साल तक तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन इसके बाद दंपति में अनबन हो गई। करीब एक साल पहले दोनों अलग रह रहे थे लेकिन कोर्ट में तलाक नहीं लिया था। तहसील में नोटरी से अलग रहने का राजीनामा कर लिया था। मनोज दूसरी शादी करने जा रहा था। इसकी जानकारी पर पहली पत्नी निकरौसी के समय पुलिस लेकर पहुंच गई। पुलिस मनोज को उठा ले गई। मंगलवार शाम पुलिस ने हिदायत देकर मनोज को छोड़ दिया। संवाद