गुरसहायगंज/छिबरामऊ(कन्नौज)। दुकानें खोलने को लेकर अब तक असमंजस है। मंगलवार को कुछ व्यापारियों ने दुकानें खोलीं। इन्हें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बंद करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि उन्हीं दुकानों को बंद कराया गया, जहां सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। नियमों के साथ तय चीजों की दुकानें खोलने में कोई परेशान नहीं है। व्यापारी बिना किसी डर के दुकानें खोल सकते हैं।
मंगलवार सुबह छिबरामऊ में कुछ व्यापारियों ने किराना, जनरल स्टोर, हार्डवेयर, बिजली सामग्री और एकल दुकानें खोलीं। यहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कुछ व्यापारियों से दुकान खोलने का अनुमति पत्र मांगा। वह इसे नहीं दिखा सके। इस पर पुलिस ने इन्हें बंद करा दिया। प्रतिष्ठान बंद होने के बाद कई व्यापारी दुकान खोलने की अनुमति लेने एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। एसडीएम कार्यालय में बताया गया कि कुछ दुकानें खोलने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं है। इस पर व्यापारी परेशान होने लगे। यह नहीं समझ पा रहे हैं कि प्रशासन की अनुमति से वह दुकानों को खोलें या पुलिस की सख्ती के चलते बंद रखें। इस संबंध में एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि किराना, जनरल स्टोर, हार्डवेयर, बिल्डिंग मैटेरियल, बिजली सामग्री व एकल दुकानें खोलने की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। यह लोग सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए दुकानें खोल सकते हैं। सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन पाया गया तो दुकान बंद करा दी जाएगी।
उधर, गुरसहायगंज में मंगलवार सुबह तमाम लोगों ने दुकानें खोल लीं। इससे बाजार में आपाधापी का माहौल बन गया। कई व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल राजा दिनेश सिंह से शिकायत की। इन्होंने बताया कि अनुमति न होने के बाद भी कई दुकानदार बैक डोर से ग्राहकों को सौदा बेच रहे हैं। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इस पर छिबरामऊ एसडीएम गौरव शुक्ला, सीओ सदर श्रीकांत प्रजापति, नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक आरपी सिंह पुलिस बल के साथ नगर में पहुंचे। जीटी रोड, तिर्वा रोड, चकोर रोड आदि जगह खुली दुकानों को बंद कराया गया। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर, किराना स्टोर के दुकानदारों को चेतावनी दी कि दुकानों के सामने 5-5 गोला बनाएं। सामाजिक दूरी का पालन कराएं। दुकानदार मास्क लगाएं। बिना मास्क के आए ग्राहक को सौदा न दें। अधिकारियों के इस अभियान से बाजार में हड़कंप मच गया। लोगों ने दुकानें बंद कर दीं।
जनरल स्टोर, किराना दुकानों, मेडिकल स्टोर, हार्ड वेयर, इलेक्ट्रिकल पार्ट्स, स्टेशनरी और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानें खोलने के लिए पास की जरूरत नहीं है। दुकानदार सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। मास्क लगाकर आने वालों को ही सामान दें। दुकान के सामने गोले बनवा लें।
- राकेश कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी