नगर पालिका में विरोध प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। गुटका लेने के बाद परचून की दुकान का डिब्बा छूने पर गुस्साए दुकानदार ने नगर पालिका के संविदा सफाई कर्मी को पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। इसके बाद सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका में प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के शाखा अध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका में प्रदर्शन किया। अजय कुमार ने बताया कि पालिका में संविदा सफाई कर्मचारी प्रताप कुमार 29 दिसंबर को दोपहर तीन बजे घर जा रहे थे। रास्ते में एक दुकान से वह गुटका खरीदने लगे। इस दौरान परचून की दुकान का डिब्बा उनके हाथ से छू गया। इससे गुस्साए दुकानदार ने जातिसूचक गालियां देते हुए अपने भाइयों के साथ मिलकर प्रताप कुमार को पीटकर घायल कर दिया। सफाई कर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोई कार्रवाई नहीं की गई। अजय कुमार ने बताया कि अगर एक जनवरी तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, तो दो जनवरी से नगर के सभी सफाई कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान सदानंद, ब्रजेश, विनोद, विमल, सागर, उमाशंकर, कमलेश, लखन, करताब, विकास, चमनलाल, संजय, ज्योति, सभासद अक्कू भदौरिया, टीकाराम व सूरज सहित कई लोग मौजूद रहे। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सफाई कर्मी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।