तालग्राम। मौसम में पल-पल उतार-चढ़ाव की वजह से बैक्टीरियल और वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ गए हैं। ब्लॉक के 23 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर शनिवार को आयोजित मेले में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के अनुसार मौसम बदलने पर बीमार होने की संभावना ज्यादा रहती है।
जनवरी भर कड़ाके की सर्दी रही। इस वजह लोग सर्द हवा से बचने के उपाय करते रहे, लेकिन अब धूप निकलनी शुरू हुई तो लोगों ने गर्म कपड़ों को पहनना कम कर दिया। इस कारण सर्द हवा लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल रही है। ऐसे में बैक्टीरिया और वायरल संक्रमण के मरीज बढ़ने शुरू हो गए हैं। ताहपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर आयोजित मेले में 30 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की गई। आयुष्मान व आभा हेल्थ आईडी कार्ड भी बने।
रसूलाबाद में सीएचओ मोहम्मद कय्यूम खान ने 60 मरीजों का परीक्षण तथा 12 आभा व दो आयुष्मान कार्ड बनाए। इसी तरह सलेमपुर, अमोलर, नैपालपुर, रनवा, रोहली में भी मेला आयोजित हुए। सीएचओ रनीश पटेल ने बताया कि बैक्टीरिया और वायरल संक्रमण की वजह से बुखार, खांसी, गले में खराश आदि के मरीजों की संख्या बढ़ी है। वायरल मरीज मेला में आए हैं। मुंह पर मास्क लगाकर चलें, शरीर में पानी की कमी न होने दें। खानपान पर विशेष ध्यान दें, ठेले पर बिकने वाली प्रदूषित खाद्य सामग्री खाने से बचें।