गुरसहायगंज। रंजिश के चलते पिता ने अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर एक युवक के दरवाजे पर पहुंचकर गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। बीचबचाव करने आए युवक के पुत्र को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव गौरियापुर निवासी सालिगराम ने बताया कि आठ नवंबर की रात आठ बजे गांव के विश्वनाथ, गौरव और धीरू रंजिश को लेकर उसके दरवाजे पर आ गए। आरोप है कि तीनों ने आते ही मां-बहन की गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी उसे पीटने लगे। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके पुत्र सौरभ सिंह को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में उसके पुत्र के शरीर और दाहिने गाल पर गंभीर चोटें आई हैं।
फ्रैक्चर भी हो गया है। घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज कराने कोतवाली पहुंचा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए मजरूबी चिट्ठी तो दे दी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने एसपी के जनता दर्शन में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।