गुरसहायगंज। अस्पताल के संचालक और डॉक्टर ने 50 हजार की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। बताया कि रंगदारी न देने पर गाली-गलौज और मारपीट कर अस्पताल बंद कराने की धमकी दी गई। मामले में डॉक्टर ने एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी डॉक्टर और दो अज्ञात के खिलाफ कमरे में बंद कर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
जनपद बाराबंकी के आलापुर निवासी डॉ. जाहिद खान समधन के निकट दारा सराय में एक नर्सिंग होम का संचालन करते हैं। उन्होंने कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि कस्बा समधन निवासी अल्ला रक्खा और उसके तीन साथियों ने रंगदारी के 50 हजार रुपये मांगे। रुपये न देने पर अस्पताल में आकर गाली-गलौज की और जब इसका विरोध किया तो मारपीट की। अस्पताल बंद कराने की धमकी दी।
वहीं मामले में दूसरे पक्ष के उम्मीद हसन उर्फ अल्ला रक्खा ने डॉ. जाहिद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है कि उन लोगों ने बहाने से अस्पताल बुलाया और कमरे में बंद कर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।