कन्नौज। घरेलू गैस सिलिंडर के व्यावसायिक उपयोग की रोकथाम को लेकर पूर्ति विभाग की ओर से रविवार को अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों व गैस एजेंसी पर जांच पड़ताल की गई। वहीं वेंडर्स को घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग न करने की हिदायत दी गई।
पूर्ति विभाग की दो टीमों ने तिर्वा बाजार के पांच रेस्टोरेंट, अश्वनी गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार समधन व गुरसहायगंज स्थित गैस एजेंसी, सराय प्रयाग के दो तथा मलिकपुर के तीन होटल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक केंद्रों पर पेट्रोलियम पदार्थों के उपयोग की जांच की गई। छोटे वेंडर्स को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया कि घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग अपने व्यावसायिक कार्यों में न करें। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।