कन्नौज। होली पर रेल प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि चलती ट्रेन पर पानी, पानी के गुब्बारे, गोबर, कीचड़ और पत्थर न फेंके। यात्रियों, रेल कर्मियों एवं रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ आपकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। अपने मनोरंजन के चक्कर में दूसरों को हानि न पहुंचाएं।
रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि होली एक-दूसरे को रंग लगाने और गले मिलने का त्योहार है। कुछ शरारती तत्व यात्रियों को परेशान करने के लिए ट्रेन पर पानी, पानी भरे गुब्बारे, गोबर, कीचड़ और पत्थर आदि फेंकते हैं। इससे यात्रियों के साथ रेल कर्मियों और रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। त्योहार में ट्रेनों की छत, कप्लिंग और पायदान पर लटक कर यात्रा न करें।
यात्रा के दौरान किसी भी अपरिचित सदस्य से खाद्य सामग्री स्वीकार न करें। उसमें जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है। यात्रा टिकट के लिए दलालों के चंगुल में न फंसे, यात्रा टिकट सदैव रेलवे टिकट काउंटर अथवा आईआरसीटीसी के वेबसाइट से ही प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के साथ अराजकता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।