छिबरामऊ। सौ शैया अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं की शिकायतों को लेकर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को तमाम खामियां मिलीं। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि अस्पताल में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, इसे रेफर सेंटर न बनाएं, जहां तक संभव हो मरीजों को यहीं रोक कर इलाज देने का प्रयास करें।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल सौ शैया अस्पताल पहुंचे। डीएम के अस्पताल में प्रवेश करते ही कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। इमरजेंसी वार्ड में बेडों से चादर गायब थीं। वार्ड में गंदगी देख डीएम ने सीएमएस डाॅ. सुनील कुमार सिंह को साफ सफाई करवाने के निर्देश दिए। उसके बाद डीएम ने ओपीडी में पहुंच कर नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. अविनाश कुमार गुप्ता से अस्पताल में होने वाले ऑपरेशनों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। इस कमी को शीघ्र ही दूर किया जाएगा। सालों से बंद पड़ी डिजिटल एक्सरे मशीन को लेकर डीएम के सामने सफाई देते हुए सीएमएस ने बताया कि तकनीकी कमी होने के कारण एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं, इसकी जानकारी मशीन की देखरेख करने वाली संस्था को दी जा चुकी है। शीघ्र ही इसे शुरू करा दिया जाएगा।
इनसेट
बाहर से दवाई लिखने वालों पर होगी कार्रवाई
डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवाइयां लिखे जाने के संबंध में डीएम ने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का स्टॉक है। अगर कोई डॉक्टर बाहर की दवा लिखता है, तो इसकी शिकायत सीएमएस से करें। उसके बाद भी सुनवाई न होने पर सीधे उन्हें बताएं। ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही अस्पताल की अन्य समस्याओं का भी समाधान कराया जाएगा। कुछ डाक्टरों के दो या तीन दिन लगातार ड्यूटी करके सेंटर छोड़ देने की शिकायत पर डीएम ने सीएमएस को व्यवस्था में सुधार लाने को कहा।