कन्नौज। जिले में डेंगू और वायरल फीवर का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से बचाव की गतिविधियां तेज कर दीं हैं। बुखार के मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा रही है, तो ग्रामीणों इलाकों में छिड़काव भी चल रहा है। अब तक राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा की ओर से एलाइजा जांच में 17 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। डेंगू मच्छर साफ पानी में पनपता है और इसके लिए एक चम्मच जितना पानी भी काफी होता है। डेंगू व मच्छरजनित बीमारियों से बचने के लिए लोग अपने घर, छत, आसपास व दफ्तर आदि में कहीं भी पानी जमा न होने दें। घर के अंदर मच्छरों से बचाव वाली स्प्रे का छिड़काव करें।
सीएमओ ने बताया कि डेंगू मच्छर कहीं बच्चे या बड़ों को शिकार न बनाए, इसके लिए सभी को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। बच्चों को ऐसे कपड़े पहनाएं, जिससे उनके हाथ और पैर पूरी तरह से ढके रहें। बाहर निकलते समय चप्पल की बजाय जूते पहने। डेंगू का मच्छर सुबह और शाम को काटता है। इसलिए संभव हो तो बच्चों को इस समय घर से बाहर न जाने दें। बुखार आने पर डॉक्टर को दिखाएं।
पंचायत के गांवों में दवा का कराया छिड़काव
तालग्राम। बीमारियों की रोकथाम के लिए विकास खंड तालग्राम क्षेत्र के शंकहरनी के प्रधान ने पंचायत के गांवों में दवा का छिड़काव शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीण बीमारियों के प्रकोप से बच सकें। मौजूदा समय में वायरल बुखार के साथ डेंगू का प्रकोप लगातार जारी है। प्रधान जाह्नवी सिंह ने सोमवार को गढ़िया गांव में श्रमिकों को लगा कर गलियों व नालियों में दवा का छिड़काव शुरू करा दिया है। प्रधान प्रतिनिधि मनोज सिंह बघेल, आकाश ठाकुर ने बताया कि दवा के छिड़काव होने से संक्रामक बीमारियों सहित डेंगू के बुखार से बचा जा सकता है। संवाद