कन्नौज। नगर पालिका और नगर पंचायतों की अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है। सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में कर्मचारी सूचियों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। साथ ही त्रुटियां भी खोजी गईं। पहली से सात नवंबर तक नई मतदाता सूची के साथ बीएलओ बूथों पर मौजूद रहेंगे। आठ से 12 नवंबर तक दावा और आपत्तियां भी लिए जाएंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार की देखरेख में जिला निर्वाचन कार्यालय में पर्यवेक्षक मतदाता सूचियों को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि किसी भी नगर निकाय का कोई भी मतदाता एक से सात नवंबर तक अपने बूथ पर सूची को देख सकता है। निकाय क्षेत्र के सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं आ सका है, वह दोबारा आवेदन भरकर दे सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि जो भी दावा, आपत्तियां या वोट के लिए आवेदन आएंगे, उनका निस्तारण आठ से 12 नवंबर तक किया जाएगा। 18 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।