कन्नौज। लखनऊ कोर्ट में हुए हत्याकांड के बाद यहां कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को बाकायदा जिला जज, डीएम व एसपी ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद सभी लोगों ने कचहरी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कचहरी गेट व परिसर में लगी पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कोर्ट परिसर में सीसीटीवी भी चेक किया गया। बंदियों को लाने व ले जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। आईकार्ड व ड्रेस कोड में आने वाले अधिवक्ताओं को ही कचहरी परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव ने अपने कार्यालय में कार्यालय में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला, एसपी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी अरविंद कुमार, बार एसोसिएशन के महासचिव सतेंद्र बघेल व कोषाध्यक्ष मोहित वर्मा के साथ बैठक की। बैठक के बाद अधिकारियों ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने न्यायालय से बाहर जाने वाले गेट का निरीक्षण किया। जहां गेट पर एक लोहे की जंजीर को बंधवाया गया। इसके बाद पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद लॉकअप का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों पीने के पानी की व्यवस्था कराए जाने की बात कही। जिस पर जिला जज ने घड़े में पानी ठंडा करने के बाद बंदियों को दिए जाने के निर्देश दिए। मेनगेट पर बैग स्कैनर मशीन को भी दुरूस्त कराए जाने की बात कही। इस दौरान जिला जज अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, पुलिस अधिकारी सभी के सहयोग व पूरे प्रयास करके व्यवस्था चुस्त दुरूस्त की जाएगी।
-
जिला जज जारी करेंगे आईकार्ड बार एसोसिएशन के महासचिव सतेंद्र बघेल ने बताया कि बैठक में कचहरी के निकासी व प्रवेश वाले गेट को बड़ा करने की चर्चा हुई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बढ़ाया जाएगी। बताया कि जो अधिवक्ता आईकार्ड व पूरे ड्रेस कोट में होंगे, उन्हें ही प्रवेश दिया जाएगा। जिनके पास आईकार्ड नहीं है, उनके बनाए जाएंगे। जिला जज आईकार्ड जारी करेंगे। कहा कि बैठक में कचहरी के इंट्री गेट से लेकर कोर्ट परिसर तक के दौरान धूप से बचाव के इंतजाम किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा अधिवक्ताओं व वादकारियों के बैठने समुचित व्यवस्था की जाएगी।