कन्नौज। बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन 15 जून को होना है। इसके लिए सात कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दो पालियों में होने वाली प्रवेश परीक्षा में 2593 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से इसके लिए जरूरी तैयारी शुरू कर दी गई है।
प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों में नकलविहीन परीक्षा के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी सेंटर पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने को कहा गया है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्रश्न पत्रों के रखरखाव आदि की व्यवस्था को दुरुस्त करने कवायद शुरू कर दी गई है। परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस स्मार्टफोन आदि पूर्णता प्रतिबंधित रहेंगे।
इन सात कॉलेज को बनाया गया है परीक्षा सेंटर
जनपद समन्वयक व नोडल डॉ. अजय सिंह ने बताया कि 15 जून 2023 को जिले के सात परीक्षा केंद्रों में होगी। इसमें पांच सेंटर कन्नौज शहर के हैं, पीएसएम इंटर कॉलेज कन्नौज, केके इंटर कॉलेज कन्नौज, एसबीएस इंटर कॉलेज कन्नौज, मुस्लिम मोहमदिया इंटर कॉलेज कन्नौज, केकेसीएन इंटर कॉलेज कन्नौज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा तिर्वा के किसान इंटर कॉलेज और डीएन इंटर कॉलेज को भी सेंटर बनाया गया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह नौ से 12 बजे तक व द्वितीय पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होंगी।