कन्नौज। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच मंगलवार को डीएम शुभ्रांत शुक्ल सदर तहसील के ग्राम बहेलियनपुरवा, मौजा अनौगी के खेतों में पहुंच गए। वहां पर उन्होंने क्रॉप कटिंग की शुरुआत की। डीएम ने खुद भी गेहूं की फसल की कटाई की। अधिकारी को फसल की कटाई करता देख खेत में मौजूद किसान खुश नजर आए।
डीएम ने खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर आदि भू-अभिलेखों की जांच करते हुए किसानों से बोए गए गेहूं के बीज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्राॅप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इससे जिले में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि क्राॅप कटिंग के प्रयोग के आधार पर ओलावृष्टि, भारी वर्षा और अन्य नुकसान से फसलों की बीमा की राशि निर्धारित की जाती है। उन्होंने किसानों को गेहूं नजदीकी क्रय केंद्रों पर बेचने की सलाह दी। इससे उन्हें फसल का उचित मूल्य मिल सके। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट स्मृति मिश्रा, नायब तहसीलदार सदर, अपर सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक सहित लेखपाल व किसान मौजूद रहे।
मतदान करने आएं और पड़ोसी को भी साथ लाएं
इस दौरान डीएम ने उपस्थित किसानों से कहा कि बीएलओ के माध्यम से पहचान पत्र वितरित किए जा रहे हैं। मतदान केंद्र में मत का प्रयोग करने आएं और आपके आसपास जो वोटर हैं, उन्हें भी साथ लेकर अवश्य जाएं।