कन्नौज। सरकारी दफ्तरों का हाल जानने निकले डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शुक्रवार सुबह 10 बजे बीएसए कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। तो वहां संविदा कर्मचारी तो उपस्थित मिले। इसके अलावा बीएसए समेत सभी नियमित कर्मचारी भी नदारद थे। डीएम ने सभी का वेतन रोककर स्पष्टीकरण तलब किया है। जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्हाेंने एक-एक कर सभी पटल देखे और वहां पर मौजूद डीसी निर्माण पीयूषकांत श्रीवास्तव से जानकारी ली। कार्यालय में संविदा कर्मी सुबोध अवस्थी, शैलेंद्र प्रताप, अशोक कुमार, आदिल और अब्दुल शाकिर ही उपस्थित थे। कार्यालय में अफसर व लिपिकों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि बीएसए समेत सभी कर्मियाें के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए है। वहीं बीएसए संदीप कुमार ने सफाई दी कि निरीक्षण के दौरान वह सीडीओ कार्यालय में बैठक में शामिल होने के लिए गए थे। डीएम ने बताया कि इसी तरह अन्य दफ्तरों में भी छापा मारा जाएगा, जो अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।