कन्नौज। विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने अफसरों से सुस्ती पर नाराजगी जताई। पुलिसकर्मियाें के लिए बन रहे हॉस्टल व बैरक का निर्माण जल्द पूरा करने के कहा। जलालाबाद के ग्राम मतौली से जलालपुर मार्ग का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने इंदरगढ़, तालग्राम, सौरिख में बन रहे हाॅस्टल-बैरक एवं विवेचना कक्षों का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए कहा है। साथ ही महिला थाने में 18 व्यक्तियों की क्षमता के हाॅस्टल का निर्माण, थाना ढठिया, विशुनगढ़ में 16 व्यक्तियों की क्षमता के हाॅस्टल का निर्माण, पुलिस लाइन में महिलाओं के हाॅस्टल व बैरक का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
50 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसेरन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनगढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी, घुरपुर, सढ़ियापुर, निजामपुर के निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश दिए। कहा कि निराश्रित गोवंशों को सहभागिता योजना के तहत लाभार्थियों को लाभांवित किया जाए। स्टांप की प्रगति सही न पाए जाने पर नाराजगी जताई।
कहा कि नोडल अधिकारियों से विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान प्रेरणा एप पर उपस्थित शत-प्रतिशत फीड कराएं। बिजली विभाग को निर्देश दिए कि बिजली सप्लाई में सुधार लाएं। खराब ट्रांसफार्मर को समय से बदला जाए। बैठक में सीडीओ आरएन सिंह, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार सहित विभागी अधिकारी मौजूद रहे।
संपर्क मार्ग को समय से बनवाने पर जोर
डीएम ने छिबरामऊ क्षेत्र के ग्राम हरिवल्लभपुर से निरंजन आश्रम होते हुए नगला भैंस तक का संपर्क मार्ग व हसेरन क्षेत्र के ग्राम थुलरिया से आलमशाह-पुरवा मार्ग से ग्राम जावेदपुरवा तक का संपर्क मार्ग जल्द बनवाने के लिए कहा। कन्नौज क्षेत्र के बाबा हाजी से चिंतामणि रोड तक का सीसी मार्ग व उमर्दा क्षेत्र के ठठिया-भटौरा मार्ग से बाकी संपर्क मार्ग तक का सीसी मार्ग भी बनवाने के निर्देश दिए। सौरिख के भावलपुर से मुखड़ा तक का संपर्क मार्ग व हसेरन में सरगौली मोड़ से ग्राम रौसा के संपर्क मार्ग का काम निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।