मकरंदनगर में हरिजन छात्रावास को खाली कराने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कवायद शुरू कर दी। छात्रावास भवन खाली करने के लिए डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को दोबारा पत्र लिखकर पुलिस विभाग को देने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि छात्रावास भवन में अभी तक पुलिस के ताले पड़े होने की जानकारी उन्हें अमर उजाला में छपी खबरों से मिली है। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम को उन्होंने छात्रावास खाली कराने के लिए एसपी को उनकी तरफ से पत्र लिखने के लिए कहा है।
छात्रावास भवन की हालत व फर्नीचर की उपलब्धता जैसे अन्य बिंदुओं पर भी उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि डीएम के निर्देश प्राप्त हो गए हैं। उन्होंने तत्काल फाइल निकलवाई है। डीएम की तरफ से भेजा जाने वाला पत्र तैयार कराया जा रहा है।
पत्र पर डीएम के साइन होने के बाद वह खुद लेकर एसपी के पास जाएंगे। उनसे छात्रावास भवन खाली कराने का अनुरोध करेंगे। छात्रावास हैंडओवर के बाद यहां मूलभूत सुविधाओं का इंतजाम करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट की मांग की जाएगी। ताकि उसकी दुर्दशा ठीक कराकर अगले शैक्षिक सत्र से छात्रों को आवासीय सुविधा का लाभ दिलाया जा सके।