कन्नौज। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना का जिले में बुरा हाल है। ठेकेदारों की लापरवाही से 162 गांवों के लोगों को दिवाली अंधेरे में गुजारनी होगी। शासन ने बिजली से वंचित 2051 गांवों को राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत रोशन करने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए थे। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया के तहत चार कार्यदायी संस्थाओं को काम दिया गया था।
सभी को सितंबर 2017 तक हर हाल में कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। ठेकेदारों की लापरवाही से अभी भी डेढ़ सैकड़ा से अधिक गांवों के लोगों को अंधेरे में दीवाली मनानी होगी। कार्यदायी संस्था एसपी ब्राइटलाइट, मां विसारा देवी इंटरप्राइजेज, सावित्री इलेक्ट्रिकल, वैभू इंटरप्राइजेज के ठेकेदारों ने काम में लापरवाही बरती। इसी का नतीजा है कि समय सीमा निकलने के बाद भी 162 गांवों में बिजली नहीं पहुंच सकी।
अब बिजली विभाग गोदाम में मेटेरियल न होने की बात कहकर समय सीमा बढ़ाने की योजना तैयार कर रहा है। जिले में विद्युतीकरण के काम को जल्द पूरा करने के लिए अधीक्षण अभियंता जीपी यादव ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदारों के साथ बैठक कर कडे़ निर्देश जारी किए हैं। चेतावनी दी है कि वह काम को जल्द पूर्ण कराएं। लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन ठेकेदारों के काम की रिपोर्ट कम रहेगी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम की लापरवाही से गांवों में अंधेरा
कन्नौज। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत ठेकेदारों ने करीब 63 गांवों में काम तो पूरा कर लिया है, लेकिन जांच करने वाली कंपनी से जांच नही कराई। इससे अभी भी 63 गंावों में तार व खंभे खडे़ हो जाने के बाद भी बिजली नहीं नसीब हो सकी है। यदि जांच टीम जांच कर एनओसी दे देती तो इन 63 गांव के लोग भी अपनी दीपावली बिजली की रोशनी में मना लेते।
राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत कुछ गांव शेष रह गए है। इन गांव को जल्द संतृप्त करने के लिए ठेकेदारों को निर्देश दिए गए है। दिसंबर तक जिले के सभी चिह्नित गांवों में बिजली की रोशनी पहुंचा दी जाएगी। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वीरभद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत कन्नौज