छिबरामऊ। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर खास निवासी देवेंद्र उर्फ प्राइवेट की मौत सिर से अधिक खून बहने से हुई थी। उसके सिर पर मिलीं चार चोटें बता रही हैं कि हत्या के इरादे से ही उसके सिर पर ईंट से हमला किया गया था। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार युवकों को उठाया है। इस हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी पुलिस के हाथ लग गए हैं।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर खास निवासी देवेंद्र कुमार (27) पुत्र जगदीश चंद्र शर्मा का शव रविवार की सुबह गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में स्थित यज्ञशाला के पास मिला था। शव के पास में पड़ी खून से सनी ईंट से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही थी। अब देवेंद्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। सोमवार को पुलिस ने गांव के ही चार युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है।
वहीं, मृतक के परिजन भी थाने पहुंचे और पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा किए जाने की मांग की। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि वारदात के संबंध में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी लगे हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।