कन्नौज। विश्व कल्याण के लिए आयोजित 1108 कुंडीय महायज्ञ के आयोजन को लेकर आज से 29 मार्च तक तीन मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। चार स्थानों पर दोपहिया व चार पहिया वाहनों की पार्किंग बनाई गई है। एसपी व डीएम ने अधिकारियों के साथ यज्ञ शाला सहित अन्य स्थानों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेकर मातहतों को दिशा निर्देश दिए।
मंगलवार को बोर्डिंग ग्राउंड में मां पीतांबरा का 1108 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इसको लेकर मंगलवार से 29 मार्च तक शहर से कोतवाली की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिस लाइन मोड के पहले शिवपुरा चौराहे से गैस गोदाम व फूलमती मंदिर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। तिर्वा क्रॉसिंग की ओर से आने वाले वाहनों को मकरंदनगर व सरायमीरा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गोलकुआं की ओर से आने वाले वाहन गैस गोदाम व पाल चौराहे की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। यज्ञशाला में आने वाले श्रद्धालुओं की बस व भारी वाहनों को संतोष फाउंडेशन स्कूल के पास गोल कुआं चौराहे से पहले बनाई गई पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा।
दोपहिया वाहन आशा मोटर के सामने दीक्षित कंपाउंड व सेंट थॉमस जेवियर्स स्कूल के पास पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे। ट्रैक्टर व लोडर भी सेंट जेवियर्स के सामने बने खेत में खड़े कराए जाएंगे। चार पहिया वाहनों के लिए कचहरी मार्ग पर खेत में पार्किंग बनाई गई है। सोमवार को डीएम शुभ्रांत शुक्ल, एसपी विनोद कुमार, एडीएम आशीष सिंह, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी कमलेश कुमार, कोतवाल कपिल दुबे सहित यातायात प्रभारी आफाक खान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेकर मातहतों को दिशा निर्देश दिए।
इनसेट
ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित महायज्ञ की निगरानी ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी। सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में पुरुष व महिला सिपाहियों की तैनाती की गई। दमकल की टीमों को वहां पर तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल में आने व जाने के अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। डीएम व एसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी श्रद्धालुओं को आने व जाने के गेट से ही निकलने दिया जाए। खुफिया के जवानों को भी सादे कपड़ों में ड्यूटी पर लगाया गया है। पुलिस कर्मी सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी करेंगे।