कन्नौज। इत्र नगरी में हेपेटाइटिस बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए खुशखबरी है। हेपेटाइटिस के मरीजों को इलाज के लिए अब लखनऊ की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सरकारी अस्पताल में जांच से लेकर इलाज तक की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे हेपेटाइटिस से पीड़ित मरीज आसानी से इलाज करा सकेंगे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानियों का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।
हेपेटाइटिस लीवर संबंधी गंभीर बीमारी है। अब तक मंडल के सरकारी अस्पतालों में इसका इलाज उपलब्ध नहीं था। गंभीर और जानलेवा इस बीमारी के इलाज के लिए अब तक लोगों को लखनऊ की दौड़ लगानी होती थी। शासन ने अब जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस का इलाज शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. राजवीर सिंह ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज से पिछले माह तीन दिन का प्रशिक्षण लेकर आ गए हैं और उन्होंने मरीजों का इलाज भी शुरू कर दिया है।
अस्पताल में उपलब्ध हैं जांच और दवा की सुविधा
जिला अस्पताल में मरीजों की प्राथमिक जांच की सुविधा उपलब्ध हैं। प्राथमिक जांच में पुष्टि होने के बाद सैंपल को जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता है। बीमारी की पुष्टि होने के बाद डॉक्टर मरीज का परीक्षण करते हैं। इसके बाद दवा काउंटर से मरीज को दवाएं उपलब्ध करा दी जाती है। मरीजों को 84 दिनाें तक दवाओं का सेवन करना होता है और इसके बाद दोबारा से जांच कराई जाती है।
महंगा इलाज नहीं करा पाते गरीब
फिजीशियन डॉ. राजवीर सिंह ने बताया कि हेपेटाइटिस बीमारी ज्यादातर असुरक्षित यौन संबंध बनाने वालों में, संक्रमित व्यक्ति का रक्त चढ़वाने तथा संक्रमित सिरिंज का इस्तेमाल करने से होती है। लीवर पर बेहद बुरा प्रभाव डालने वाली यह बीमारी वायरस के कारण होती है। हमारे देश में हेपेटाइटिस बीमारी आम हो गई है। हेपेटाइटिस बी से बचाव के लिए टीका उपलब्ध है। हेपेटाइटिस सी भी वायरस से होता है। यह बीमारी लीवर को भी संक्रमित करती है, इसके कारण लीवर में सूजन और जलन पैदा होती है। इस बीमारी की दवाएं महंगी होने के कारण सभी लोग आसानी से इलाज नहीं करा पाते। सरकारी अस्पताल में निशुल्क इलाज और दवाएं मिलेंगी।
जांच रिपोर्ट में पुष्टि के बाद शुरू होता इलाज
हेपेटाइटिस की पहले किट से जांच की जाती है। जिसमें लक्षण मिलने पर सैंपल को जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता है। जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने पर मरीज का इलाज शुरू हो जाता है।
डॉ. शक्ति बसु, सीएमएस