कन्नौज। शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग का विरोध करने और तय कीमत से अधिक पैसे वसूलने को लेकर अक्सर विवाद की खबरें आती रहती हैं। ताजे मामले में एक ठेके पर शराब के रेट को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। सेल्समैन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फिरोजपुर तारन निवासी अजीत सिंह के अनुसार वह जलालपुर पनवारा स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे रोहनपुरवा निवासी शिवम व अमन शराब ठेका पर आए और शराब के रेट को लेकर गालीगलौज करने लगे। मना करने पर दबंगों से बहस शुरू हो गई। इस पर युवकों ने सेल्समैन को दुकान से बाहर खींचकर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। घायल सेल्समैन ने थाने में पहुंचकर आपबीती बताई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं आबकारी विभाग को भी ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर सतर्क रहने के लिए कहा गया है।