प्रेमपुर। ग्राम सभा के माजरा नगला बाऊरी गांव में कई दिनों से साफ-सफाई न होने के कारण गलियां और रास्ते गंदगी से पटे हैं। नालियां चोक होने की वजह से सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। इससे गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
गांव के मुन्नालाल शाक्य ने बताया कि कई महीनों से सफाई न होने के कारण नालियां चोक हो चुकी हैं। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। लंबे समय से जलभराव के कारण सड़कों पर काफी फिसलन हो गई है। अक्सर लोग फिसल कर चुटहिल हो जाते हैं। साथ ही वाहनों के गुजरने से पैदल निकलने वाले लोगों पर गंदगी के छीटें पड़ने से विवाद की स्थित बन जाती है।
गंदगी के कारण उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। साथ ही, मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। गांव के सामोद शाक्य ने बताया कि इस बदहाली को लेकर प्रधान पुष्पेंद्र सिंह से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला, धरातल पर कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। गांव में फैली गंदगी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सर्वेश, महावीर शाक्य, सुभाष शाक्य, शिवराज शाक्य आदि ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कर्मी को भेजकर सफाई नहीं कराई गई तो हम सभी ग्रामीण जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ग्राम सभा बड़ी होने के बाद भी एक ही सफाई कर्मी की तैनाती है। सफाई कर्मी बढ़ाने का प्रस्ताव दिया जा चुका है। सफाई कर्मियों की कमी के कारण रोस्टर के अनुसार सफाई जाती है। इस समय टड़हा गांव में सफाई कार्य चल रहा है, इसके बाद नगला बाऊरी में सफाई कराई जाएगी।
-पुष्पेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान