सौरिख। खनन माफियाओं ने अधिकारियों के आंखों में धूल झोंकते हुए नाला खोदकर मिट्टी का खनन कर डाला। शिकायत के बाद एसडीएम के आदेश पर पहुंची राजस्व टीम ने जांच शुरू की।
खनन माफियाओं ने प्रशासन की नाक के नीचे से मिट्टी का खनन कर लिया। कस्बे के सरकारी नाला को खोदकर बड़े पैमने पर मिट्टी का खनन किया। बुधवार को एसडीएम अशोक कुमार ने कार्रवाई करते हुए मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली और हाइड्रा पकड़ ली। इसके बाद खनन का मामला सामने आया। गुरुवार को राजस्व निरीक्षक राकेश बाबू ने लेखपाल राकेश कुमार, अमित कुमार, जितेंद्र सिंह, अमित कठेरिया के साथ पहुंचकर नगर पंचायत के तालाब की पैमाइश कर नाला से निकाली गई मिट्टी की नापजोख की। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि नाले से लगभग 729 घन मीटर (लगभग दो हजार ट्राली) मिट्टी का खनन किया गया है। एसडीएम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।