फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार केंद्र डिबार, दोबारा होगी परीक्षा

Thu, 12 Mar 2015 11:42 PM IST
अमर उजाला कन्नाैैज
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री की निगरानी वाले जिले में बोल-बोलकर नकल कराए जाने के मामले में बोर्ड परीक्षा के चार केंद्रों को डिबार किया गया है। साथ ही यहां दोबारा परीक्षा कराने के आदेश दिए गए हैं। गुरुवार को सार्वजनिक उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव सूर्य प्रताप सिंह व संयुक्त शिक्षा निदेशक अंजना गोयल ने सात परीक्षा केंद्रों पर संयुक्त छापेमारी की। यहां पर स्टूडेंट इंटरमीडिएट के गणित प्रश्नपत्र की परीक्षा दे रहे थे।
विज्ञापन


देरशाम प्रमुख सचिव सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि आशा देवी बालिका इंटर कालेज, पीडी गर्ल्स इंटर कालेज सौरिख, जगवीर सिंह आदर्श इंटर कालेज, रामेश्वर सिंह उ.मा.वि.कायमपुर में निरीक्षण के दौरान कमरों में बोल-बोलकर नकल कराई जा रही थी।

कई कमरों में जाकर देखा तो सभी छात्रों की कापियों में एक जैसा लिखा हुआ मिला। इसके अलावा कई छात्रों को जो प्रश्न हल कर चुके उनको नए पेज पर लिखने के लिए जब कहा गया तो काफी देर तक वह कुछ कर ही नहीं पाए। इससे स्पष्ट होता है कि छात्र पूरी तरह से नकल पर ही निर्भर हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि उनको करीब 36 जिलों में जाकर परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण की जिम्मेदारी मिली है। अब उनका दौरा पूर्वांचल के परीक्षा केंद्रों पर होगा। बलिया, मथुरा, आगरा सहित अन्य क्षेत्र नकल के लिए पहले से कुख्यात हैं। लेकिन कन्नौज उन क्षेत्रों से कहीं आगे पहुंच चुका है। जिले में लगभग सभी केंद्रों पर खुलेआम नकल हो रही है।

किसी को किसी भी अधिकारी के आने का कोई डर नहीं है। उन्होंने स्वीकारा कि जब तक अफसरों का संरक्षण नहीं मिलेगा, नकल नहीं हो सकती। इस बावत वह शासन स्तर पर अपनी लिखा-पढ़ी करेंगे। इस दौरान एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला, संयुक्त शिक्षा निदेशक के साथ प्रो.अंजू गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
------------------
अमरीका के छात्र ने दी जानकारी
सचिव ने बताया कि उनका दौरा कन्नौज जिले में था, लेकिन इससे पहले उनको कन्नौज निवासी एक अमरीका के छात्र ने नकल के सिस्टम के बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उस छात्र ने तो उसका नाम सार्वजनिक करने को भी कहा, लेकिन वह उसका नाम नहीं खोलेंगे। हालांकि उनके पास उसकी वार्ता भी रिकार्ड है।
---------------
स्कूल में सपा का झंडा लगी कार मिली
प्रमुख सचिव ने कहा कि रामेश्वर दयाल उ.मा.विद्यालय में एक कार खड़ी मिली। जिस पर समाजवादी पार्टी का झंडा लगा हुआ था, विद्यालय में छात्र संख्या 110 थी। जबकि 500 छात्र परीक्षा के लिए समायोजित किए गए हैं। प्रबंधक को मानदेय के रूप में 3500 रुपया मिलता है। डीआईओएस चंद्रजीत यादव को बुलाए जाने के बाद भी वह नहीं पहुंचे।
---------------
एक छात्र को नकल करते पकड़ा
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने पीडी गर्ल्स इंटर कालेज में एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा। उक्त छात्र ने भयवस नकल को खा लिया था। हालांकि बाद में उसे बुक कर दिया गया। इसके बाद ख्वाजा गरीब नवाज बछज्जापुर, महात्मा गांधी इंटर कालेज मढ़पुरा, प्रतिभा निखार इंटर कालेज का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन सबकुछ ठीक मिला।
---------------
मीडिया के प्रतिबंध पर की निंदा
प्रमुख सचिव ने कहा कि मीडिया के परीक्षा केंद्र पर जाने का कोई प्रतिबंध नहीं है। जिले में यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी वह निंदा करते हैं। वह माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव रहे हैं, उन्होंने परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के आदेश किए थे, लेकिन उसे इस बार फालो नहीं किया जा सका। कहा कि यदि फालो हो जाता तो काफी हद तक नकल रुक सकती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें