कन्नौज। किडनी रोगियों को इलाज के लिए महानगरों की दौड़ से अब जल्द ही निजात मिलेगी। जिला चिकित्सालय में हीमो डायलिसिस यूनिट का काम पूरा किया जा चुका है। लोकार्पण के बाद मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। इसी माह यूनिट शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
जिले के किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए अभी तक कानपुर और लखनऊ की दौड़ लगानी पड़ती है। महानगरों में पांच से छह हजार रुपये खर्च करने के बाद मरीज की डायलिसिस हो पाती है। अब जिला अस्पताल परिसर में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत 58 लाख 96 हजार की लागत के भवन में छह बेड की हीमो डायलिसिस यूनिट बनकर तैयार हो गई है। यूनिट में मशीन, बेड और अन्य जरूरी सामान लगाया जा चुका है। यहां किडनी रोग विशेषज्ञ (नेफ्रोलॉजिस्ट) डॉक्टर समेत चार लोगों की टीम तैनात की जाएगी।
कार्यदाई संस्था के मैनेजर शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को रीजनल मैनेजर निरीक्षण करेंगे। इसके बाद लोकार्पण कराया जाएगा। इसी माह मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी।
हेपेटाइटिस बी के लिए बेड अलग
हीमो डायलिसिस यूनिट में हेपेटाइटिस बी मरीज के लिए एक बेड का विशेष वार्ड भी बनाया गया है। इस वार्ड में एक अलग डायलिसिस मशीन और अतिरिक्त स्टाफ भी रखा गया है। इसमें डॉक्टर के साथ तीन स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनात होगी।