जीएसटी से आतिशबाजी मार्केट को लगा ‘पलीता’
- फोटो : file photo
कन्नौज। इत्रनगरी में धनतेरस का बाजार सज गया है। इंतजार बस ग्राहकों का है। अनुमान है कि इस बार भी करीब 25 करोड़ का कुल व्यापार होगा। पिछले साल भी लगभग इतना ही हुआ था। इसमें बढ़ोतरी न होने के पीछे व्यापारी नोटबंदी और जीएसटी को कारण मान रहे हैं। इनका कहना है कि पिछली बार के बराबर भी अगर व्यापार होता है तो उन लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसकी उन्हें पूरी संभावना भी है। सबसे ज्यादा उम्मीद बाइक, कार, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा बाजार पर टिकी है। अगर पिछले साल की इस बार भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी है तो 25 करोड़ का आंकड़ा भी पार हो सकता है।
शहर के पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों के व्यापारी अमरेंद्र तिवारी का कहना है कि पूरे जिले में पिछली बार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार का कुल कारोबार करीब दो करोड़ रहा था। लेकिन इस बार बाजार में नोटबंदी और जीएसटी के कारण सन्नाटा दिख रहा है। लेकिन उम्मीद है कि धनतेरस पर खरीदार घर से निकलेंगे और बाजार पर धन वर्षा होगी।
पिछले वर्ष धनतेरस पर इतनी हुई थी बिक्री
आइटम अनुमानित बिक्री
बाइक सात करोड़
कार तीन करोड़
ज्वैलर्स 3.5-4.5 करोड़
ट्रैक्टर सात करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स 2.5-3 करोड़
कपड़ा 55-60 लाख
बर्तन 40-45 लाख
पिछले वर्ष बिके थे करीब 1300 दुपहिया वाहन
एक अनुमानित आंकड़े की माने तो पिछली साल की धनतेरस व दिवाली में जिले के सभी शोरूम से करीब 1200-1300 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई थी। इस बार भी पूरी उम्मीद है कि ग्राहक बाइक बाजार को निराश नहीं करेंगे।
- रजत द्विवेदी, फाइनेंसर
रेडिमेड कपड़ों का बाजार रहेगा तेज
दिवाली की बाजार सज चुकी है। कपड़ा दुकानदारों के पास भी ग्राहकों का आना शुरू हो गया है। पूरे जिले के आंकड़े की बात करें तो जिले में रेडिमेड कपड़े की करीब 550-600 के आसपास दुकानें है। यहां व्यापार का आंकड़ा करीब 40-45 लाख रुपये क्रॉस कर जाता है। इस बार भी रेडिमेड कपड़ों के बाजार में तेजी रहने की उम्मीद है।
- सैफी, दुकानदार