कन्नौज। किसानों का धान खरीद कर समय से भुगतान न करने पर विभाग ने 18 केंद्रों पर खरीद रोक दी है। इन केंद्रों पर किसानों का दो करोड़ रुपये से अधिक बकाया हो गया है। इसे पाने के लिए किसान भटक रहे हैं।
जिले में धान खरीद के लिए 33 केंद्र खोले गए थे। सभी ने धान की खरीद की। 72 घंटे में किसानों के खाते में भुगतान करने के निर्देश थे। 18 केंद्र खरीद के एक माह बाद भी किसानों को भुगतान नहीं कर सके। ऐसे में किसान अगली फसल बोने के लिए पैसे की तलाश में भटक रहे हैं। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन को पत्र लिखा तो खाद्य आयुक्त ने ऐसे 18 केंद्रों को धान खरीद करने से रोक दिया।
इन केंद्रों के एमडी को पत्र भेज कर एक सप्ताह में भुगतान करने के कहा गया। नतीजा कुछ नहीं निकला। अब जिले में केवल 15 केंद्रों पर खरीद हो रही है। बंद केंद्रों को अगले सप्ताह तक किसानों के खाते में भुगतान के लिए नोटिस भेजे गए हैं। इन्हें हिदायत दी गई कि अगले सप्ताह तक भुगतान न होने पर अगले सीजन में खरीद केंद्र नहीं बनाया जाएगा। साथ ही कड़ाई से धन की वसूली की जाएगी।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी समरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कई केंद्रों ने 90 फीसदी तक किसानों के खाते में भुगतान कर दिया है। बाकी ने भुगतान नहीं किया है। इस तरह धान खरीद के दो करोड़ से अधिक रुपये इन संस्थाओं के पास डंप हैं। किसानों को भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है।