छिबरामऊ। मिशन शक्ति के तहत शहजहांपुर जनपद के रामचंद मिशन थाने में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात इलाके की बहू को लखनऊ में हुए कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर परिजनों समेत गांव के लोगों ने बधाई दी।
मैनपुरी जनपद के थाना किशनी अंतर्गत गांव इंदरपुर निवासी नीलेश भदौरिया ने वर्ष 2001 में पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। उनका विवाह विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के असालताबाद गांव निवासी अजय सिंह के साथ हुआ था, जो वर्तमान समय में नोएडा में चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वर्तमान समय में नीलेश की तैनाती शहजहांपुर जनपद के थाना रामचंद्र मिशन में मुख्य आरक्षी के पद पर है। यहां आठ साल की अपहृत बच्चों को नीलेश ने 24 घंटे के अंदर पकड़कर परिजनों के सुपुर्द किया था। इस पर एसपी शहजहांपुर उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को मुख्यमंत्री योगी के हाथों से सम्मान मिलना था। उनकी गैर मौजूदगी में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्या व पुलिस महानिदेशक वीके शर्मा ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर नीलेश भदौरिया को सम्मानित किया।