कन्नौज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पांच से 21 जून तक जनजागरण एवं जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जनहितकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाकर आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि पांच जून को एक पेड़ मां के नाम थीम के साथ पौधारोपण कार्यक्रम से शुभारंभ होगा। इसके तहत प्रत्येक विकास खंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत एवं चिकित्सालय परिसर में पांच-पांच पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही चयनित विद्यालयों एवं अमृत सरोवरों पर भी विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में आठ से 14 जून तक जनप्रतिनिधियों एवं नामित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क किया जाएगा।
इस दौरान शिक्षकों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देंगे। 17 से 20 जून तक जिला स्तरीय तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक खेती विषय पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 21 जून को सामूहिक योगाभ्यास, साइकिल रैली एवं पैदल जागरूकता यात्राएं निकालकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। बैठक में एसपी विनोद कुमार, सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा, डीडीओ नरेंद्र देव द्विवेदी, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।