कन्नौज। कोराना संक्रमण को लेकर सौ शय्या अस्पताल में मॉक ड्रिल (रिहर्सल) की गई। इस दौरान पूरी तैयारी से कर्मचारियों ने मरीज को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन द्वारा कोरोना को लेकर किए गए मॉक ड्रिल में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं मिली।
रविवार को सौ शय्या अस्पताल में न के बराबर मरीज पहुंचे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव के नेतृत्व में चिकित्सकों व कर्मचारियों की टीम ने कोरोना संक्रमित आने के दौरान बरती जानी वाली सावधानियों की रिहर्सल की।
रिहर्सल के दौरान एंबुलेंस से मरीज को उतारने से लेकर वार्ड में शिफ्ट करने तक का लाइव किया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। रिहर्सल में कर्मचारियों द्वारा बरती गई तेजी व सावधानी देखकर अधीक्षक ने उनकी पीठ थपथपाई। रिहर्सल में डॉ. अभिषेक कटियार, डॉ. विपिन सचान, स्टाफ नर्स वंदना, वार्ड व्बॉय अमित कुमार व मरीज के रूप दीपू मौजूद रहे।